चाइनीज मांजे से घायल राहगीर (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में कोतवाली मंडी पुलिस ने लाखों रुपये की कीमत का चाइनीज मांझा पकड़ने के बाद छोड़ दिया। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उधर, प्रशासन भी चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
चाइनीज मांझा जनपद में कई लोगों के जीवन की डोर काट चुका है। इसके अलावा कई लोग इससे कटकर गंभीर घायल भी हो चुके हैं। कुछ दिन पहले कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने तीनों जिलों में इस मांझे को प्रतिबंधित किया था।
चेतावनी दी थी कि जिस भी क्षेत्र में चाइनीज मांझा बिकता मिलेगा, उस क्षेत्र के एसडीएम और सीओ के विरुद्घ कार्रवाई होगी। कोतवाली मंडी पुलिस ने रविवार को फ्लैग मार्च के दौरान करीब आधा दर्जन रेहडे चाइनीज मांझे से लदे पकड़े थे, जिन्हें पुलिस कोतवाली ले आई थी।
मगर व्यापारियों के हंगामे के बाद पुलिस ने मांझे को छोड़ दिया। लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर तरह-तरह के सवाल भी उठा रहे हैं। इस मामले में कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि मांझा विक्रेताओं को मुचलका भरवाकर छोड़ा गया है।