हंगामे के बाद स्टेशन पर तैैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में आबकारी सिपाही की परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने लौटते वक्त रेलवे स्टेशन पर खूब हंगामा काटा। उन्होंने टिकट खिड़की पर तोड़फोड़ करने का प्रयास किया।
इससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। ट्रेनों में जबरन घुसकर यात्रियों के साथ भी बदसलूकी की। करीब एक घंटे तक स्टेशन पर गुंडई करने के बाद अभ्यर्थी ट्रेनों में सवार होकर चलते बने।
रविवार को जनपद के 29 केंद्रों पर आबकारी सिपाही की परीक्षा हुई। इसके लिए सहारनपुर के साथ ही आसपास के जनपदों से हजारों अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे।
अपराह्न तीन बजे परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थी घर की ओर रवाना होने के लिए स्टेशन पहुंचे। यहां टिकट विंडो पर भारी भीड़ के चलते अनेक अभ्यर्थियों को टिकट नहीं मिल सका। ऐसे में उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
इससे आम यात्री कतार से बाहर हो गए। कई यात्रियों के साथ धक्कामुक्की तक की गई। टिकट नहीं मिलने से नाराज कई अभ्यर्थियों ने टिकट विंडो पर तोड़फोड़ करने का प्रयास किया, जिससे खिड़की का शीश चटक गया।
इससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। नौचंदी एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में घुसकर सीट पर जबरन बैठने के लिए यात्रियों के साथ बदसलूकी की गई। अन्य ट्रेनों में भी यही हाल रहा, जिससे आम यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
अभ्यर्थियों के रवाना होने के बाद ही स्टेशन पर माहौल सामान्य हो सका। अभ्यर्थियों की भीड़ अधिक होने के चलते जीआरपी भी कुछ नहीं कर सकी। अपर स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने हंगामे के कारण टिकट विंडो का शीशा चटकने की पुष्टि की। बताया कि शनिवार को सहारनपुर आने के दौरान भी े स्टेशन पर हंगामा किया गया था।