बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े रेलवे रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने लकड़ी कारोबारी के मैनेजर से नोटों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। दो पुलिस चौकियों के बीच भीड़भाड़ वाली रोड पर हुई दस लाख रुपये की लूट की इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, मगर पुलिस के हाथ कोई क्लू नहीं लग सका। पुलिस बैंक के सीसीटीवी को खंगाल रही है। थाना जनकपुरी में कार के भीतर से लाखों रुपये उड़ाने के अगले ही दिन ही कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में वारदात से व्यापारी वर्ग दहशत में है।
लकड़ी कारोबारी राणा तेज प्रताप सिंह अपने मैनेजर सुरेश सचदेवा के साथ रेलवे रोड स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा से दस लाख रुपये का चेक कैश कराने पहुंचे थे। गर्मी ज्यादा होने की वजह से तेज प्रताप बैंक के बाहर कार में ही बैठे रहे, जबकि उनका मैनेजर सुरेश सचदेेवा बैंक में चेक कैश कराने चला गया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही मैनेजर रुपये लेकर सड़क पर आया तो घंटाघर क्षेत्र की ओर से काली बाइक पर आए दो बदमाश उनसे नोटों से भरा बैग झपटकर रेलवे रोड की ओर भाग गए। लूट होते ही मैनेजर ने शोर मचा दिया और तुरंत तेज प्रताप सिंह को घटना बताई।
इसके बाद दोनों लोग बैंक के भीतर गए और वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाली सदर बाजार प्रभारी ने पीड़ितों से वारदात की जानकारी ली। साथ ही बैंक के कर्मचारियों और बैंक के बाहर के दुकानदारों से भी बात की।
कुछ ही देर बाद एसपी सिटी संजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक कराई। एसओजी की टीम ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने बैंक के बाहर की फुटेज दिखाने को कहा तो बताया गया कि बैंक के बाहर कैमरा नहीं है।
वर्जन
लूट के कुछ देर बाद ही मैं खुद मौके पर पहुंचा था। हमने बैंक के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। क्राइम ब्रांच की टीम को बदमाशों की धर पकड़ के लिए लगाया गया है। हमने कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली है। जल्द ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- प्रदीप कुमार यादव, एसएसपी।