सहारनपुर के देवबंद नगर में मंगलवार की रात्रि चोरों ने रामलीला ग्राउंड में स्थित मकान में परिवार के सदस्यों को स्प्रे छिड़ककर बेहोश कर दिया और हजारों की नगदी के साथ अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
कोतवाली से लगभग सौ मीटर की दूरी पर स्थित रामलीला ग्राउंड के समीप रहने वाले नरेश त्यागी के मकान में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। नरेश के मुताबिक मंगलवार की रात्रि वह परिवार के साथ छत पर सोया हुआ था।
सुबह बारिश होने पर जब वह उठकर नीचे पहुंचा तो देखा सारा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा हुआ है। चोर अलमारी में रखे करीब 10 हजार रुपये, तीन चांदी की धार्मिक मूर्तियां, तांबे के बर्तन, गैस सिलेंडर और मोबाइल फोन चोरी करके ले गए।
आरोप है कि चोरों ने वारदात से पूर्व सभी पर स्प्रे का छिड़काव कर बेहोश कर दिया था। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की बाबत जानकारी ली। नरेश ने पुलिस को चोरी की तहरीर दी है।
बता दें कि फिलहाल नगर में चोरों का आतंक चरम पर है। पुलिस वारदात का खुलासा नहीं करती कि चोर अगली घटना को अंजाम देकर पुलिस को बार बार चुनौती देने का काम कर रहे हैं। बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर नगरवासियों में पुलिस के प्रति रोष पनपा हुआ है।
दो घरों से साढ़े तीन लाख की चोरी
बड़गांव में मंगलवार रात चोरों ने मौरा गांव के दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम देकर दो लाख की नगदी व डेढ़ लाख रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर लिए। बुधवार सुबह पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
बीती रात गांव मौरा निवासी राजबल पुत्र माफा के घर में चोर दीवार फांदकर अंदर घुस आए और घर में रखी करीब डेढ़ लाख की नगदी और पचास हजार रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
इसके बाद चोर मकान की छत से होते हुए हुए पड़ोसी बिजेंद्र पुत्र खचेडू़ के घर में घुस गये। वहां से अलमारियों के ताले तोड़ कर वस्त्र व दो लड़कियों के दहेज के लिए रखे करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के गहने और पचास हजार की नगदी चोरी कर ली।
दोनों ही परिवारों को चोरी होने का पता सुबह चला जब उन्होंने अपने घर में सामान बिखरा पाया। तलाश करने पर खाली बक्से खेतों में पड़े मिले। दोनों परिवारों के मुखियाओं ने तहरीरदी है।
बता दें कि आठ दिन पहले चोरों ने शिमलाना के ग्राम प्रधान व उसके भाई के घरों में चोरी को अंजाम देते हुए पांच लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया था। वारदात का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। उधर, एसओ का कहना है कि जांच की जा रही है।