सहारनपुर के देवबंद में खाकी की नाकामी को उजागर करते हुए चोरों ने भायला रोड पर पुलिस चौकी के सामने ही गली में एक मकान में सेंधमारी कर वहां से 53 हजार रुपये की नगदी समेत नौ लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर चोरी कर लिए।
पुलिस को इसकी कानो कान भनक तक नहीं लगी। दो दिन पूर्व मोहल्ला सराय पीरजादगान निवासी दवा व्यापारी नवाब के घर हुई 14 लाख रुपये की चोरी में पुलिस सुराग भी नहीं लगा पाई है कि चोरों ने पुलिस को एक और चुनौती दे डाली।
भायला रोड पुलिस चौकी के सामने गली में रहने वाले कारी इरशाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अंबहेटा शेखा स्थित एक मदरसे में नौकरी करता है। इस कारण वह वहीं पर रहता है। जबकि पत्नी रिश्तेदारी में इमलिया गांव में गई हुई थी।
बृहस्पतिवार को मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाले किरायेदार ने फोन कर उसे बताया कि मकान के ताले टूटे हुए हैं। जानकारी मिलने पर वह घर पहुंचा तो देखा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा है।
इरशाद के मुताबिक चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर वहीं रखी 53 हजार रुपये की नगदी, 26 तौले सोने और चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। जिससे उसे करीब नौ लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन दिनों के अंदर दो बड़ी चोरियां होने के चलते नगर के लोग दहशत में है। वहीं उनमें पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष पनपा हुआ है। आरोप लगाया कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जरा भी गंभीर नहीं है।