सहारनपुर की नकुड़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को चोरी की एक टाटा सूमो कार, चार बैट्रे, इंवर्टर, दो तमंचे, तीन कारतूस व एक खोखे सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके अलावा तीन वारंटियों का भी चालान किया है।
कोतवाल छोटे सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की रात अंबेहटा चौकी प्रभारी दीपक चौधरी ने नकुड़-अंबेहटा रोड पर स्थित गांव भैरमऊ के पास चेकिंग के दौरान नकुड़ की ओर से आ रही एक टाटा सूमो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने टाटा सूमो की तलाशी ली तो उसमें से चोरी के चार बैट्रे, इंवर्टर मिले। पूछताछ में बदमाशों ने उक्त सामान सहित टाटा सूमो भी चोरी की होना बताया।
साथ ही दो तमंचे, तीन कारतूस व एक कारतूस का खोखा भी बरामद किया। बदमाश कर्मवीर पुत्र महावीर निवासी गढ़ी ब्राह्मण व पुनित पुत्र सोम सिंह निवासी गली नंबर दो लक्ष्मीनगर, थाना सिटी जिला सोनीपत के हैं।
इनके विरुद्ध थाना सिटी एवं थाना मुरथल जिला सोनीपत हरियाणा में हत्या, लूट एवं चोरी के दर्जनों मुकदमों पंजीकृत हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह दिन में इंवर्टर बैट्री व इलेक्ट्रोनिक्स की दुकानों की रैकी करते हैं और रात में चोरी करके माल को टाटा सूमो में भरकर सोनीपत चले जाते हैं।
उन्होंने गत दिनों सरसावा के पिलखनी में कई दुकानों में चोरी की घटना सहित सरसावा क्षेत्र में अन्य चार चोरी की घटनाओं को कबूला है। इसके अलावा तीन वारंटियों इरशाद उर्फ लीलू निवासी गांव थाबनी, नूर मोहम्मद निवासी गांव मल्हामाजरा व सत्तार हसन निवासी गांव चाऊ सहंसपुर को पकड़कर उनका चालान किया है।