हत्या की मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के लखनौती के हरियाणा पुलिस ने दौलतपुर गांव के बाहर यमुना बंधे के पास रहे एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने यह आरोप लगाते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस उसे, उसके बेटे और दामाद को बुलाकर अपने साथ ले गई थी। पिता की हत्या कर शव को घर के पीछे लाकर डाल दिया, जबकि बेटे और दामाद अभी भी पुलिस की हिरासत में है।
गंगोह कोतवाली के गांव दौलतपुर में गांव के बाहर यमुना बंधे के पास पीडब्लुडी के विश्राम गृह में खानाबदोश लोग रहते हैं। यहीं मुहम्मद अली का भी घर है। आरोप है कि बृहस्पतिवार की देर रात करीब 11 बजे हरियाणा के जिला यमुना नगर की पुलिस उसके घर में घुस आई और छोटे बेटे 10 वर्षीय वसीम और उसके दामाद जफरू को ले जाने लगी।
मुहम्मद अली ने जब उसका विरोध किया तो पुलिस ने महिलाओं समेत सभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में मुहम्मद अली, बेटे वसीम और दामाद जफरू को अपने साथ ले गई। शुक्रवार को सुबह जब हरियाणा जाने की तैयारी कर कर रहे थे तो परिवार की एक महिला को घर के पीछे खेत में पड़े मुहम्मद अली (55) की लाश पर पड़ी।
शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। शोर सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने पुलिस से पोस्टमार्टम की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने बताया कि पुलिस उनके लोगों को क्यों उठाकर ले गई थी, इस बात का पता नहीं चला है। दो अन्य सदस्य अभी भी हरियाणा पुलिस की अवैध हिरासत में हैं।
उधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।