सहारनपुर में देवबंद से शनिवार को पकड़े गए म्यांमार (बर्मा) के संदिग्ध युवक जुनैद खान के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि जुनैद को देवबंद के वार्ड 13 के सभासद असलम अली ने फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही सभासद फरार हो गया है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है।
शनिवार को पुलिस ने म्यांमार के संदिग्ध युवक जुनैद खान को अहसान मंजिल में छापा मारकर गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार म्यांमार निवासी जुनैद खान रिफ्यूजी बनकर मणिपुर के इंफाल में पहुंच गया था।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि इंफाल में उसने कुछ लोगों से साठगांठ करके भारत का फर्जी आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं पुलिस वेरिफिकेशन भी करा लिया था। यहां तक कि उसने इंफाल का मूल निवास प्रमाण-पत्र भी बनवा लिया था। इसके बाद वह देवबंद आकर किराए पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार पांच माह पूर्व उसने मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के शेखजाद गान निवासी शारिक का मकान किराए पर लिया था। देवबंद के वार्ड 13 के नगर पालिका सभासद असलम अली ने उसको निवास प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र उपलब्ध कराया।
सभासद ने उसका फर्जी आधार कार्ड, पेन कार्ड भी बनवा दिया। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने मूल निवास प्रमाण पत्र एवं पहचान पत्र की प्रति, पासपोर्ट के ऑनलाइन आवेदन की रसीद एवं मूल निवास प्रमाण पत्र की ऑनलाइन रसीद भी बरामद की है।
जुनैद खान से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी सभासद असलम अली की तलाश शुरू करते हुए उसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। उधर, जुनैद के पकड़े जाने के बाद से ही आरोपी सभासद असलम अली फरार हो गया है।
पैदा हुआ म्यांमार में, देवबंद को बता रहा था अपनी जन्म स्थली
सहारनपुर। फर्जी दस्तावेेेेजों से पासपोर्ट बनवाने का प्रयास कर रहे म्यांमार निवासी जुनैद खान ने पासपोर्ट के आनलाइन आवेदन में देवबंद में अपना न सिर्फ निजी मकान बताया, बल्कि देवबंद को अपनी जन्म स्थली भी बताया था। पुलिस जब मकान पर पहुंची और उसकी भाषा के स्थानीय नहीं होने के साथ संदेह में घिरे जुनैद से मकान के कागज मांगे तो वह नहीं दिखा सका। इसी आधार पर उसे पकड़ा और जांच की तो सारा मामला खुलता चला गया।
पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की तो पता चला कि इस मकान में सिर्फ पांच महीने पहले ही आया था। मकान चरथावल के शेखजाद गान निवासी शारिक का है। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो जुनैद खान टूट गया। उसने अपना असली पता ग्राम कंडेल, थाना काबकाब, राज्य अरकिन, म्यांमार बताया।
मणिपुर भी भेजी जाएगी टीम
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि जुनैद खान के फर्जी कागज मणिपुर के इंफाल में बने है। इसकी जांच के लिए एक टीम मणिपुर भी भेजी जाएगी।
सभासद को शीघ्र ही किया जाएगा गिरफ्तार
एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि गिरफ्तार किए गए जुनैद खान की अभी तक देवबंद में रहने की मंशा साफ नहीं हो सकी है। वह पढ़ाई के बहाने देवबंद में रह रहा था। उसने फर्जी कागज बनवाए है। जिसमें सभासद असलम अली ने उसकी मदद की है। सभासद को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।