सहारनपुर के नानौता में मोबाइल शॉप का शटर उखाड़ कर चोर दो हजार की नकदी सहित करीब एक लाख रुपये मूल्य के मोबाइल और अन्य सामान चुराकर ले गए। चार माह पूर्व भी उक्त दुकान से इसी प्रकार चोरी की गई थी। इससे आक्रोशित व्यापारी और भाजपा नेताओं ने थाने पर प्रदर्शन किया।
मोहल्ला शेखजादगान निवासी अभय प्रताप सिंह पुत्र राजपाल सिंह ने बताया कि उसकी नगर के गंगोह रोड पर शिव मोबाइल गैलरी के नाम से शॉप है। बुधवार की रात चोरों ने उसकी दुकान का शटर उखाड़ कर दुकान में रखे अलग-अलग कंपनी के 40 मोबाइल, 20 चिप, 15 पैन ड्राइव समेत गल्ले में रखे दो हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
मोबाइल शॉप पर चोरी की घटना से दुकान स्वामी सहित आसपास के दुकानदारों और भाजपा नेताओं में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर थाने पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
अभय ने बताया कि 27 अक्तूबर को इसी प्रकार चोर उसकी दुकान से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के मोबाइल और नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उसके द्वारा थाने पर आरोपियों के वीडियो फुटेज देते हुए कार्रवाई की मांग की गई लेकिन आज तक घटना का खुलासा नहीं हो पाया। पुलिस ने पूर्व में हुई चोरी में संदिग्ध लोगों को थाने पर लाकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
इस दौरान भाजपा नेता अजीत सिंह, व्यापार मंडल जिला संयोजक राजीव नामदेव, राजपाल सिंह, प्रीतम गुज्जर, पूर्व ब्लाक प्रमुख कृष्ण कुमार पुंडीर, ग्राम खुडाना प्रधान प्रतिनिधि सोनू राणा, ओम चावला, महामंत्री शिवकुमार राणा, दर्शनलाल, बीडीसी संजय राणा, बोबी राणा, जगपाल सिंह, रणधीर राणा,
राकेश वर्मा, राहुल अग्रवाल, संजीव नामदेव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चोरी की घटना का दो दिन में खुलासा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उधर, थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने लोगों को चोरी की घटना का दो दिन में खुलासा करने का आश्वासन दिया है।