सहारनपुर में स्कूल, कॉलेज से लेकर मोहल्ले की गलियों में बेखौफ हो रहे मनचलों पर कप्तान ने सख्ती की तैयारी कर ली है। एसएसपी मनोज तिवारी ने सभी सीओ को मनचलों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
सीओ टीम के साथ स्कूल, कॉलेज और शिकायत वाले क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करेंगे और शोहदों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, पुलिस की ओर से स्कूलों में लगातार अभियान चलाकर छात्राओं को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है।
एसएसपी के निर्देशन में सीओ प्रथम सुनीति के नेतृत्व में स्कूलों में लगातार मनचलों से परेशान छात्राओं से सीधे बात की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा एसएसपी मनोज तिवारी ने सर्किल में आने वाले स्कूल और कालेजों पर पैनी नजर रखने को सीओ के नेतृत्व में टीम गठित करने का निर्देश दिया है।
सीओ अपनी टीम के साथ स्कूल शुरू होने और बंद होने के दौरान उन क्षेत्रों में सक्रिय रहकर शोहदों की हरकतों पर नजर रखेंगे। उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई भी करेंगे। आपको बता दें कि स्कूलों के अवकाश के बाद मनचलों का झुंड स्कूलों और कॉलेज के बाहर सक्रिय रहता है। कई बार छात्राएं अपने परिजनों तक से इस तरह की बातों को बताने से कतराती है।