नकुड़-सहारनपुर रोड पर स्थित एक किसान के डेयरी फार्म पर 40 वर्षीय नौकर की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचे को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
नकुड़-सहारनपुर रोड पर स्थित एक कॉलेज के पास गांव सढौली निवासी प्रधान अक्षय चौधरी का डेयरी फार्म है। डेयरी फार्म पर शंकर उर्फ शीलू पुत्र सूरजमल निवासी थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर, शिवपाल, ओम सिंह, संदीप, रंजीत और नजबुल सहित छह नौकर काम करते है।
संदीप और ओम सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे वे सब खाना खाने के बाद रठान पर बने ऊपर कमरे में डेयरी फार्म पर करीब दो माह पूर्व हुई डकैती के बारे में बात कर रहे थे कि अचानक शंकर ने पास रखे लोडिड बंदूकनुमा देशी तमंचे की नाल को अपने मुंह में डालकर फायर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना अक्षय प्रधान व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया तथा मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने के पश्चात शुक्रवार की सुबह पुलिस ने मृतक के पास पड़े तमंचे को कब्जे में ले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी।
एसओ यशपाल धामा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हत्या या आत्महत्या के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मृतक के परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है।
परिजनों ने बताया कि शंकर कुछ दिनों से तनाव में चल रहा था और इसी के चलते उसने आत्महत्या की होगी। गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व आठ-दस सशस्त्र बदमाशों ने रात में धावा बोल सभी नौकरों को बंधक बनाकर इसी डेयरी फार्म से कई कीमती दुधारू गाय व भैंसों सहित दस लाख से अधिक की लूट की थी। लूट का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।