सहारनपुर में त्योहारी सीजन में खुराफाती सक्रिय हो गए हैं। बिहारीगढ़ में गाय पकड़े जाने से तनाव की स्थिति बनी हुई है, अभी तक हैंड ग्रेनेड के बारे में भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। जिससे पूरे जिले में पुलिस ने अलर्ट कर दिया है।
अवांछनीय तत्वों पर लगाम कसने को पुलिस ने कार्ययोजना तैयार की है। चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। जिले के एसपीओ को भी सक्रिय एवं संपर्क में रहने के लिए कहा गया है।
खुफिया विभाग के जिले में आतंकी इनपुट दिए जाने के बाद से पुलिस ने चेकिंग अभियान पहले से ही शुरू कर रखा है। पिछले दिनों नानौता में सड़क किनारे हैंड ग्रेनेड मिलने की घटना के बाद और फिर बृहस्पतिवार को बिहारीगढ़ में कटान के लिए जा रहीं गायों के पकड़े जाने से फिर से अवांछनीय तत्वों की सक्रियता नजर आने लगी है। जिसने पुलिस की टेंशन बढ़ा दी है।
पुलिस ने त्यौहारी सीजन पर किसी प्रकार की खुराफात को रोकने के लिए कार्ययोजना तैयार की है। एसएसपी मनोज तिवारी ने जिले भर के पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही एसपीओ की सक्रियता को बढ़ाए जाने के निर्देश दिए हैं। बीट कांस्टेबल से लेकर अधिकारियों तक को छोटे-छोटे मामलों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने चेकिंग अभियान और तेज कर दिया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में आने वाले संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है, पूछताछ की जा रही है और जांच की जा रही है। गांवों में किसी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
किसी भी मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों को लोगों के साथ बैठकें कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी मनोज तिवारी ने बताया कि त्यौहार पर क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। संदिग्धों की जांच पड़ताल कराई जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन, रोडवेज स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है। खुराफातियों को बख्शा नहीं जाएगा।