सहारनपुर शहर की मंडी कोतवाली के पास हुई जाफर की लूट के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इस हत्या के दो आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
बुधवार की रात लगभग 10 बजे अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे मोहल्ला कंबोह कटहरा निवासी जाफर की बदमाशों ने बैग छीनने का विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस हत्या के आरोप में फरार चल रहे एक आरोपी की तभी से तलाश कर रही थी। रविवार को मुखबिर से पुलिस को आरोपी की शहर के चिलकाना अड्डे पर होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने चिलकाना अड्डे पर पहुंचकर हत्या के तीसरे आरोपी शहजाद की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा एवं कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पकड़ा गया आरोपी शहजाद कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहल्ला राहत कालोनी निवासी है।
साबरी का बाग, गली नंबर 10 निवासी साकिब को तो भीड़ ने घटना के बाद भागते समय ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था, जबकि दूसरे आरोपी ग्राम ताहरपुर निवासी मुंतजिर को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया था।