सहारनपुर में मना करने के बावजूद मंदिर के नल से पानी भरने पर की गई पिटाई से दलित युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है।
सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के स्टार पेपर मिल रोड स्थित रामे गेट के पास स्थित मंदिर पर मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी वितरण का आयोजन किया गया। उसी समय मोहल्ला निवासी दलित मंशाराम (40 वर्ष) मंदिर के नल से पानी भरने के लिए पहुंच गया।
आरोप है कि वहां पर कुछ दबंग लोगों ने मंशाराम को पानी भरने से मना करते हुए तीन लोगों ने मंशाराम की जमकर पिटाई की। जिससे मंशाराम की गले की, रीढ़ की हड्डियां टूट गईं।
परिजनों ने मंशाराम को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। तभी से मंशाराम वेंटीलेटर पर था। मामले में एससीएसटी एक्ट के तहत जान से मारने की नीयत से हमला की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार शाम अस्पताल में मंशाराम की मौत हो गई। जिसके बाद लोगों ने हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर उसका चालान किया है।
सीओ अब्दुल कादिर का कहना है कि मामले को 307 में मामला दर्ज कराया गया था। मंशाराम की मौत के बाद अब हत्या में मामला तरमीम हो गया है।
जिन लोगों ने दलित मंशाराम की पिटाई की थी, एसएसपी द्वारा उन लोगों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपीओ बनाया गया था।
लेकिन शांति बनाने की बजाय हत्या कर डाली। सीओ अब्दुल कादिर का कहना है कि तीन आरोपियों में से दो लोग एसपीओ बताए जा रहे हैं। जांच जारी है।