गांव तुरमतखेड़ी निवासी एक युवक की हत्या कर दी गई। उसकी लाश भनेड़ा में नहर से मिली। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाते तहरीर दी है। उधर, पुलिस का कहना है कि लाश थानाभवन क्षेत्र में मिली है। वहां की पुलिस ही मामले की जांच कर रही है।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव तुरमतखेड़ी निवासी नफीसा पुत्री जंगा रविवार की रात थाने पहुंची और उसने तहरीर देकर बताया कि उसके भाई मुबारिक को गांव का ही एक युवक 18 फरवरी को सुबह 9 बजे घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा।
थानाध्यक्ष ने मुबारिक के परिजनों को बताया कि थानाभवन में एक लूट में तीन युवक शामिल हैं, वहां जाकर अपने भाई की तलाश करें। मुबारिक के परिजन सोमवार की सुबह थाना भवन पहुंचे और पुलिस को लेकर गांव भनेड़ा के पास नहर में खोजबीन की। नहर से उन्हें मुबारिक का शव मिल गया। इसके बाद वे रामपुर मनिहारान आ गए।
उन्होंने यहां तहरीर देकर आरोप लगाया कि मुबारिक की हत्या उसे घर से बुला कर ले जाने वाले युवक ने की है। उधर, एसओ ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। लेकिन, वह घर पर ताला लगा कर फरार है।
लूटपाट के आरोपी युवक का शव नहर में मिला
थानाभवन। दो दिन पूर्व भनेड़ा स्थित पूर्वी यमुना नहर पुल के पास लूट की घटना में आरोपी एक युवक का शव नहर से बरामद हुआ। परिजनों ने थाने पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाभवन थाना क्षेत्र के भनेड़ा नहर के पुल पर दो दिन पूर्व खेड़ा गदाई निवासी प्रदीप पुत्र जिंदरपाल से बदमाशों ने लूटपाट की थी।
प्रदीप अपनी पत्नी और चार वर्षीय पुत्री के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने प्रदीप को गोली मारकर घायल भी कर दिया था। गोली की आवाज सुनकर खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया था, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए थे।
पकडे़ गए आरोपी शोएब पुत्र शमशाद निवासी सुनहैटी ने अपने साथियों के नाम फरीद और मुबारिक बताया था। पुलिस ने पकडे़ गए आरोपी शोएब को जेल भेज दिया और फरार चल रहे आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।