लिफ्ट देकर ताबड़तोड़ लूट की वारदात कर दहशत फैलाने वाले गैंग का भंडाफोड़ कर नई मंडी चौकी पुलिस ने पांच लुटेरों को दबोच है। आरोपियों के पास से लूट के मोबाइल, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने लूट की करीब 12 वारदातों का खुलासा किया है।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि कई दिनों से नई मंडी चौकी क्षेत्र में बदमाश लिफ्ट देकर यात्रियों को लूट रहे थे। 19 फरवरी की शाम सूचना मिली कि लिफ्ट देकर सवारियों से लूटपाट करने वाला गैंग कार और दो बाइक के साथ अनूपशहर रोड पर वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। तालाशी के दौरान एक सेंट्रो कार व बाइक आती दिखाई दी।
टीम ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश गाड़ी को मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान मनोज, दीपक, जितेंद्र निवासी पापड़ी, रविंद्र निवासी अहमदगढ़, सुनील पुत्र मुन्ना निवासी चाऊपुर थाना रजपुरा जिला संभल के रूप में की गई। चौकी प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों के पास से वारदात में इस्तेमाल कार, दो बाइक और जहांगीराबाद थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक बरामद की गई।
वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर गिरफ्तार
अरनिया क्षेत्र की पुलिस ने चोरी की बाइक का सौदा कर रहे तीन वाहन चोरों को दबोचा है। गैंग का सरगना भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी अरनिया अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि ढकपुरा मोड़ पर वाहन चोर बाइकों का सौदा करने आए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन वाहन चोरों को दबोच लिया। जबकि सरगना भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक बरादम की है। आरोपियों की पहचान शेरपुर गांव निवासी संदीप, राहिंदा गांव निवासी पप्पू और कालू के रूप में की गई। चोरों ने खुलासा किया है कि 16 फरवरी को उन्होंने रोहिंदा गांव निवासी अर्जुन सिंह के घर के सामने से बाइक चोरी की थी।