सहारनपुर में बदमाशों को बैंक से कैश लूटने, गार्ड की हत्या करने और सुरक्षित भाग निकलने में मात्र छह मिनट का समय लगा। बदमाशों को पता था कि सप्ताह के पहले दिन बैंक में भीड़भाड़ होगी।
ऐसे में वह पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम देने पहुंचे थे। एक ओर जहां सभी बदमाशों के पास हथियार थे। वहीं एक बदमाश ने कैश भरने के लिए पीट्ठू बैग भी लिया हुआ था।
बदमाशों ने पूरी वारदात को ना केवल बेखौफ अंदाज में अंजाम दिया, बल्कि उनकी हरकतें फिल्मी स्टाइल की तरह थी। सोमवार को सप्ताह का पहला दिन था। ऐसे में बैंक से पैसा निकालने और जमा करने वालों की भारी भीड़ जमा थी।
इस सबके बीच घटना को अंजाम देकर बच निकलने की पूरी प्लानिंग बदमाशों ने की हुई थी। घटना के वक्त बैंक में मौजूद ग्राहकों के अनुसार बदमाशों ने करीब 12:25 बजे बैंक में एंट्री की। पांच बदमाश अंदर गए, जबकि एक बदमाश गेट पर ही खड़ा हो गया था।
सभी बदमाशों के पास हथियार थे। उन्होंने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को अपनी-अपनी जगह बिना कोई हरकत किए खड़े रहने को कहा। धमकी दी कि यदि किसी ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो उसे गोली से उड़ा दिया जाएगा।
इस दौरान बदमाशों ने कैशियर को गन प्वाइंट पर लेकर कैश अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा नौ लाख का कैश जमा कराने गए कबीर बेदी से भी कैश से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया।
गार्ड पर गोली चलाने के बाद बदमाश कैश को अपने पिट्ठू बैग में भरकर फरार हो गए। इस पूरी घटना को अंजाम देने में उन्हें मुश्किल से छह मिनट का समय लगा।
पॉश इलाके में वारदात से दहशत ः सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित कॉरपोरेशन बैंक का इलाका शहर का अति व्यस्ततम और पॉश इलाका है। इस इलाके में करीब 100 मीटर के दायरे में कई दूसरे बैंक भी है।
इसके अलावा डीआईजी आवास से यह चंद कदमों की दूरी पर है। कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन और सिविल लाइन चौकी से भी यह महज 200 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में शहर के बेहद पॉश इलाके में हुई वारदात से दहशत का माहौल है।
पुलिस के गुडवर्क पर भारी बदमाश ः सहारनपुर। जिस वक्त बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उससे कुछ समय पहले ही एसएसपी पुलिस के गुडवर्क पर प्रेसवार्ता की थी। कई घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग की गिरफ्तारी पर खुश हो रही पुलिस को बैंक डकैतों ने खुली चुनौती दे डाली।
छिंदबना की ओर से भागे बदमाश ः सहारनपुर। बैंक डकैती और गार्ड को गोली मारने के बाद तीन बाइकों से छह बदमाश दिल्ली रोड की ओर भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो चीता पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया।
दिल्ली रोड पर जाकर बदमाश डीपीएस स्कूल वाली सड़क से गुजरे और छिंदबना की ओर से निकल गए। हालांकि एसएसपी मनोज तिवारी के नेतृत्व में जनकपुरी, रामपुर मनिहारान, सदर बाजार, नगर कोतवाली सहित कई थानों की पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। चर्चा है कि पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मगर, अब हिरासत में लिए गए संदिग्धों को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।