सहारनपुर के रामपुर मनिहारान के मदनुकी गांव के जंगल में दिन में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने खेतों की घेराबंदी कर ली। हालांकि खाली हाथ ग्रामीण खेतों के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव मदनुकी के जंगल में बुधवार की दोपहर एक बजे गांव की एक महिला व दो युवक यहीं के ईश्वरपाल पुत्र पहल सिंह के ईख के खेत में घास काट रहे थे।
इसी दौरान उन्हें काले कपड़ों में आधा दर्जन बदमाश ईख के खेत में दिखाई दिए। इनके अनुसार सभी के पास बंदूकें और राइफलें थी। इसके बाद ये तीनों शोर मचाते हुए गांव की तरफ दौड़ पड़े।
खेत गांव के पास ही होने के कारण देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने ईख के खेत की घेराबंदी कर ली, लेकिन खाली हाथ अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
बालेश्वर, विजय कुमार, बलदेव, अनुज, चंदराम, चरण सिंह, सतीश कुमार, मोतीराम, बलजीत सिंह, महिपाल, विक्की, लीला आदि ग्रामीणों का कहना था कि जिस खेत में बदमाश देखे गए है, उसमें दूर-दूर तक गन्ना खड़ा है।
बदमाशों को देखने वाले विक्की और लीला का कहना है कि बदमाशों के पास बड़े बैग भी देख गए हैं और सभी काले कपड़े पहने हुए थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी, लेकिन आरोप है कि थाने से एक सिपाही को भी मौके पर नहीं भेजा गया। आरोप है कि रात में भी पुलिस गश्त को नहीं आती।
ग्रामीण खुद ही जाग कर पहरा दे रहे हैं। उधर, थाने के एसएसआई प्रेम प्रकाश शर्मा का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। सूचना पर पुलिस गांव में भेजी जाती है।