होटल मलिक को गोली मारे जाने के बाद जानकारी देता कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर मं रेलवे स्टेशन के पास अग्रसेन चौक स्थित शेरे पंजाब होटल के मालिक सुमित पर हुए जानलेवा हमले के बाद उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। सुमित के कूल्हे में गोली लगी है। हायर सेंटर में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उत्तराखंड के झबरेड़ा चेकपोस्ट पर दो बदमाशों को चेकिंग के दौरान पकड़ लिया है, जबकि दो फरार हो गए।
शुक्रवार की रात 12.20 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने शेरे पंजाब होटल के मालिक सुमित को गोली मार दी आैर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुमित को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पिछले वर्ष 22 अक्तूबर को शेरे पंजाब होटल के मालिक भोला और उसके नौकर हिटलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
भोलू का भतीजा सुमित उस वारदात में चश्मदीद गवाह है। आरोप है कि हत्यारोपी उस पर गवाही न देने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। तीन अक्तूबर को कोर्ट में तारीख थी। इस तारीख पर न जाने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन सुमित नहीं माना। इसी मामले को लेकर बदमाशों द्वारा सुमित पर जानलेवा हमला किया जाना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। भोला और उसके नौकर की हत्या करने वाले आरोपियों में शामिल लोगों ने ही सुमित पर हमला किया है।
पुलिस के अनुसार हमला करने के बाद पुलिस द्वारा वायरलेस किए जाने के चलते सभी चेकपोस्ट पर कड़ी चेकिंग शुरू कर दी गई। उत्तराखंड के झबरेड़ा चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक कार में सवार चार संदिग्ध लोग पुलिस को नजर आए। जैसे ही पुलिस ने उनकी चेकिंग शुरू की तो कार में सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने दो को पकड़ लिया। उनके पास से तमंचे भी बरामद होना बताए जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा पकड़े गए लोगों में अवतार निवासी गांव करौंदी, देवबंद और योगेंद्र निवासी ग्राम मंडौरा गुर्जर, दौराला (मेरठ) शामिल हैं, जबकि फरार होने में वालों में मोनू निवासी ग्राम बंशी, दौराला जिला मेरठ और कपिल निवासी बुलंदशहर शामिल हैं। अनुमान है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए कार से आए। सहारनपुर पहुंचकर बाइक की व्यवस्था की और वारदात को अंजाम देकर बाइक कहीं फेंक कर कार में सवार होकर निकल गए। योगेंद्र कार चालक बताया जा रहा है, जो वारदात के समय कार में ही बैठा रहा। जबकि तीन अन्य ने सुमित को गोली मारी।