शाहाबाद। मारपीट के मामले में जांच करने गए शाहाबाद कोतवाली के दरोगा और सिपाही ने फरियादी महिला से 10 हजार रुपये ले लिए। कार्रवाई न होने पर महिला ने कोतवाल से शिकायत की। कोतवाली ने रुपये लौटवाने के साथ एसपी से शिकायत की। एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गयंद गांव निवासी एक महिला का करीब पांच दिन पहले विवाद हो गया था। महिला ने कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप है कि दरोगा रतिवाल और सिपाही कृष्ण कुमार मामले की जांच करने गांव गए थे।
उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई करने की एवज में महिला से 10 हजार रुपये मांगे थे। महिला ने गहने गिरवीं रखकर रुपये दरोगा को दिए। रुपये देने के बावजूद दरोगा ने कोई कार्रवाई नहीं की तो महिला शनिवार को कोतवाली पहुंच गई।
उसने कोतवाल राजेश कुमार को रुपयों को पूरी जानकारी दी। इस पर कोतवाल ने दरोगा व सिपाही से महिला वापस कराने के साथ एसपी उमेश कुमार सिंह से शिकायत की। एसपी ने दरोगा रतिवाल और सिपाही कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया है।