सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर कार सवार बदमाशों ने दो छात्राओं के अपहरण का प्रयास किया। छात्राओं के शोर मचाने पर बदमाश कार लेकर भागने लगे।
मगर सामने चल रही कार में टक्कर होने की वजह से बदमाशों की कार रुक गई। इस दौरान लोगों ने एक बदमाश को कार समेत पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने थाने में हंगामा किया।
एक गर्ल्स इंग्लिश मीडियम स्कूल की दो छात्राएं स्कूटी पर अपने घर लौट रही थी। दोपहर करीब दो बजे वह एसबीडी पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान बराबर में आई कार सवार बदमाशों ने छात्राओं को कार में खींचने का प्रयास किया।
इस पर छात्राओं ने शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाशों ने कार दौड़ा ली। हड़बड़ाहट में बदमाशों ने सामने आ रही कार में टक्कर मार दी। इस पर दूसरी कार सवार लोगों ने बदमाशों की कार को रुकवा लिया।
कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। तभी दोनों छात्राएं भी वहां पहुंच गईं और लोगों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला।
लोगों ने बदमाश को कार समेत पकड़कर थाना जनकपुरी पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान छात्राओं ने अपने परिजनों को भी बुला लिया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्घ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
बदमाश के पास से स्विफ्ट डिजायर कार पकड़ी है, जिस पर यूपी 11 ए जेड 8686 नंबर अंकित है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम शाहनवाज पुत्र रिजवान निवासी घोघरेकी बताया है। साथ ही फरार हुए अपने साथी का नाम आजम बताया है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुट गई है। उधर, छात्राओं के अपहरण की कोशिश करने वाले एक बदमाश को लोगों ने कार समेत पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।
आरोप है कि पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने थाने में अंदर बैठा लिया। जब छात्राओं के परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने मामले में किसी के न पकड़े होनेे की बात कही।
इसके बाद परिजनों ने एक आरोपी के पकड़ा होने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। तब पुलिस ने स्वीकार किया कि एक आरोपी हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि पुलिस पकड़े गए आरोपी को बचाने के प्रयास में थी।