गुरुद्वारा रोड पर बनाई गई अस्थाई पुलिस चौकी पर पुलिस कर्मियों द्वारा शराब पीये जाने पर हंगामा करते सिख समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिपाहियों द्वारा ड्यूटी के दौरान शराब पीने से नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार की रात जमकर हंगामा किया। उन्होंने तीन पुलिसकर्मियों को चौकी में ही बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही सीओ मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों को मुक्त कराया। एसएसपी ने आरोपों से घिरे दो सिपाहियों को निलंबित और एक को लाइन हाजिर किया है।
विवादित स्थल को लेकर तीन साल पहले हुए दंगे के बाद गुरुद्वारा रोड पर अस्थाई चौकी बनाई गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शराब पीकर रखते हैं। ऐसे में उनसे किसी भी प्रकार की शिकायत करना तो दूर की बात उनके पास तक जाना मुश्किल रहता है। इसी से नाराज स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार की रात चौकी पर हंगामा कर दिया।
तीनों पुलिसकर्मियों को चौकी में बंद कर दिया गया। सूचना मिलते ही सीओ और थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बमुश्किल तीनों पुलिसकर्मियों को उनसे मुक्त कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसएसपी प्रदीप कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांस्टेबल सुशील कुमार और कांस्टेबल नवीन को ड्यूटी में लापरवाही करने का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। साथ ही एक सिपाही को लाइन हाजिर भी किया गया है। एसएसपी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।