सहारनपुर में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शहर की चार और एक सरसावा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की जांच की। मशीनों को खुलवाकर देखा गया। वहां तो टीम को कुछ नहीं हाथ आया, लेकिन कुछ पेट्रोल पंपों पर थोड़ी घटतौली पकड़ी गई। जिसे बांट माप विभाग की टीम ने मौके पर ही ठीक करा दिया।
शुक्रवार को एसडीएम आरके गुप्ता, सीओ अब्दुल कादिर, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव राज सिंह यादव, क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक मयंक गोयल, बांट माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक राजेश कुमार अपने साथ संबंधित कंपनी के एक्सपर्ट लेकर पेट्रोल पंपों पर छापामारी के लिए निकले।
सबसे पहले टीम ने अंबाला रोड स्थित मैसर्स ब्रिज ऑयल पर छापा मारा। टीम ने यहां पर मशीनें खुलवाकर चेकिंग की। लेकिन वहां टीम को कुछ भी हाथ नहीं लगा।
उसके बाद टीम ने सरसावा स्थित देशराज अशोक कुमार भारत ऑयल के पेट्रोल पंप पर छापामारी की। टीम ने पैट्रोल पंप पर पहुंचते ही मशीनों को घेर लिया तथा साथ आये विशेषज्ञों ने पेट्रोल पंप पर मशीनों की जांच की।
जांच में टीम को तो कुछ नहीं मिल सका। सिर्फ पेट्रोल माप में 10 से 15 मिलीलीटर प्रति पांच लीटर पर घटतौली पाई गई। जिसे अधिकारियों ने चूक की श्रेणी में माना। बांट, माप टीम ने इसे मौके पर ही ठीक करा दिया।
उसके बाद टीम ने अंबाला रोड पर बस अड्डे के निकट स्थित दो पेट्रोल पंप प्रकाश ऑयल एवं बग्गा सर्विस स्टेशन पर जांच की। यहां भी कुछ नहीं मिल सका। टीम ने देहरादून रोड स्थित सहारनपुर ट्रेडिंग ऑयल के पेट्रोल पंप की जांच की।
यहां भी मात्र 10 से 15 मिलीलीटर की प्रति 5 लीटर पर घटतौली पाई गई। इसे भी मौके पर ही ठीक करा दिया। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज सिंह यादव ने बताया कि मामूली घटतौली को छोड़कर कहीं भी गड़बड़ी सामने नहीं आ सकी है। संभवत: छापामारी की सूचना मिलने के बाद से सभी ने अपना सिस्टम ठीक कर लिया है।