गांव से कलेक्शन करके आ रहे एक फाइनेंसकर्मी से बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर आतंकित कर 38 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे देहात कोतवाली के ग्राम बिजोपुरा के निकट लूट की दूसरी वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे एक फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी अनुज ग्राम बिजोपुरा से पैसे ही उगाही करके ला रहा था।
अनुज के अनुसार जब वह ग्राम बिजोपुरा से भोजपुर मार्ग पर जा रहा थर, उसी समय बाइक पर दो युवक आए और तमंचे से आतंकित कर उसके बैग में रखे 38 हजार रुपये लूट लिए तथा फरार हो गए। अनुज ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। इस संबंध में अनुज ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ देहात कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है।
पुलिस के अनुसार गांव से मात्र 200 मीटर की दूरी पर घटना बताई जा रही है, जबकि रोड हर समय चलती रहती है। अनुज ने लूट का कोई शोर भी नहीं मचाया।
थाना पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लोगों ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से इंकार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।