सहारनपुर के गंगोह में विदेश भेजने के नाम पर चार लोगों से नकली वीजा और अन्य फर्जी कागजात थमाकर आठ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। बृहस्पतिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचने पर जांच के दौरान वीजा और कागजात फर्जी पाए जाने पर पीड़ितों को ठगी का पता चला।
उधर, आरोपी परिवार सहित फरार हो गया है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगर के मोहल्ला इलाहीबख़्श निवासी शहजाद, रियासत, अकबर और मानकमऊ निवासी नोमान ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया
कि आठ माह पूर्व मोहल्ला सैय्यदान निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें दुबई भेजने की बात कहते हुए दो लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से आठ लाख रुपये वसूले थे। इसके बाद आठ माह तक आरोपी ने उन्हें दुबई नही भेजा और ना ही उनके पैसे लौटाए।
काफी तकाजा करने पर 10 अप्रैल को आरोपी ने उन्हें दुबई का वीजा, टिकट और अन्य संबंधित कागजात देते हुए बताया कि 12 अप्रैल सुबह साढे़ तीन बजे तुम्हारी दुबई की फ्लाइट है। उसके कहे अनुसार वह तय समय पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। वहां जांच के दौरान एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि उनका वीजा फर्जी हैं।
यह सुनकर उनके पैरों तले से जमीन सरक गई। उन्होंने अधिकारियों को अपने साथ हुई ठगी के बारे में बताया। इसके बाद उनकी आईडी और अन्य जानकारी लेकर अधिकारियों ने उन्हें छोड़ दिया। वह वापस लौटकर आरोपी के घर गए परंतु आरोपी परिवार सहित फरार हो चुका था। पीड़ित व्यक्तियों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।