पुलिस ने अंबहेटा शेखां नहर के पुल के पास से मुठभेड़ दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार करने का दावा किया है। जबकि उसके चार साथी भागने में सफल रहे। गिरफ्तार बदमाश से कब्जे से 31 जनवरी को भायला गांव से लूटा गया ट्रैक्टर, एक तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
शनिवार को कोतवाली में ट्रैक्टर लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कोतवाल विजय प्रकाश ने बताया कि एसएसपी आरपी सिंह यादव के आदेश पर लुटेरों व वाहन चोरों के विरुद्ध पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार की रात अंबहेटा शेखां स्थित नहर के पुल के समीप पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर लेकर आ रहे पांच बदमाश पुलिस को देखते हुए भागने लगे।
बदमाशों एवं पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में नसीम पुत्र हनीफ निवासी भैसानी थानाभवन जिला शामली को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि 4 बदमाश भागने में सफल रहे। गिरफ्तार बदमाश के पास से 31 जनवरी को भायला से करीब एक किमी पहले मुबारिक पुत्र महमूद निवासी नूनाबड़ी से लूटा गया ट्रैक्टर, एक तमंचा 315 बोर व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, पुलिस ने लालवाला रोड से इमरान पुत्र नवाब निवासी सरसटा देवबंद को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से पांच किलो डोडा पोस्त व चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है।
कोतवाल ने बताया कि इमरान शातिर किस्म का बदमाश है। उस पर लूट हत्या आदि के करीब 9 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इमरान ने वर्ष 2008 में अपने साथियों के साथ रोहाना निवासी कुक्कू उर्फ अतुल त्यागी से घलौली के पास से मारुति वैन यूए 07ई-1753 लूटी थी।
अतुल त्यागी ने उक्त कार को मुजफ्फरनगर जाने के लिए किराए पर लिया था। बदमाशों ने कार लूट के बाद अतुल त्यागी की हत्या कर दी थी।