सहारनपुर के गागलहेड़ी के गांव छज्जपुरा स्थित पटाखा फैक्ट्री में लगी आग से करीब 12 महिला मजदूर झुलस गईं। इनमें से गंभीर तीन महिलाओं को जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है।
आग से फैक्ट्री में खड़ी कार व दो पहिया वाहन भी जल गए। हादसे के बाद बौखलाया फैक्ट्री मालिक जली कार लेकर मौके से भाग खड़ा हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोमवार शाम साढ़े चार बजे थाना जनकपुरी क्षेत्र अंतर्गत छज्जपुरा गांव में स्थित मंजुला चावला पत्नी जगदीश चावला की पटाखा बनाने की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई।
आग की जद में आते ही वहां रखे पटाखे व बारूद धमाके के साथ फटने लगे। आग से वहां काम कर रहीं 12 महिलाएं बुरी तरह झुलस गई। धमाकों की आवाज गागलहेड़ी तक सुनी गई। धमाकों की आवाज सुन कर आसपास के लोग दहशत के मारे घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलने पर एसओ गागलहेड़ी संजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायल महिलाओं को जिला चिकित्सालय भिजवाया। सीओ फायर तेजवीर सिंह फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ फैक्ट्री पहुंचे। जहां एक घंटे की मशक्कत के बाद तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
आग लगने एवं बारूद फटने से फैक्ट्री की चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई तथा फैक्ट्री परिसर में लगे पेड़ भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। बताया जाता है कि आग लगने के दौरान फैक्ट्री मालिक भी वहां मौजूद था जो अपनी कार में आग लगने के बावजूद उसे लेकर मौके से भाग खड़ा हुआ।
चार महिलाओं को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जिनमें विमला (58) निवासी लेबर कालोनी सहारनपुर, चंपा (50) निवासी फतेहपुर जट्ट गंभीर रूप से झुलस गए। जबकि रेशमा (35) तथा बबली (35) को भी चोटें आईं हैं। फिल्हाल उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत में सुधार बताया गया है।