गंगोह में वाहनों की जांच कराते डीएम और एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बढ़ते अपराध से चिंतित पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने स्वयं वाहनों की जांच भी की। इस दौरान एक स्कार्पियो कार से पांच लाख की नगदी और एक वैन से स्मैक एवं चरस बरामद हुई।
डीएम शफकत कमाल, एसएसपी भरत सिंह यादव, एसपी देहात रफीक अहमद, एएसपी सुरेंद्र कुमार और एसडीएम शमशाद हुसैन शनिवार शाम कोतवाली पहुंचे। डीएम और कप्तान ने आगामी चुनावों के मद्देनजर कोतवाल विंध्याचल तिवारी को अपराधों पर लगाम लगाने के लिए विशेष दिशा निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने गणेश शंकर विद्यार्थी तिराहे पर वाहनों की जांच की। स्कार्पियो कार सवार गाजियाबाद निवासी नवीन कुमार से पांच लाख रुपये की नगदी बरामद हुई। एक वैन से 150 ग्राम चरस और 20 पुड़िया स्मैक भी बरामद की गई। वैन चालक गांव मैनपुरा निवासी आजाद पुत्र कामिल को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि नगदी के कागजात दिखाने पर नवीन कुमार को छोड़ दिया गया। चेकिंग में एसएसआई सुशील सैनी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे।