Saharanpur News : सहारनपुर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। पीड़ित ने परिजनों को आपबीती सुनाई तो उनके होश उड़ गए।अब परिजनों ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है।
सहारनपुर में कोतवाली देवबंद क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। डर की वजह से पीड़िता ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया, लेकिन परिजनों को घटना के बारे में जानकारी नहीं दी। परिजनों ने कई माह बाद अब दोबारा छात्रा का स्कूल में दाखिला कराया तो उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की जानकारी दी। मामले में एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
कोतवाली देवबंद क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसके देवर की तीन बेटियां उनके पास रहती हैं। उनके माता-पिता का निधन हो चुका है। एक बेटी पूर्व माध्यमिक विद्यायल में कक्षा सात में पढ़ रही थी।
बताया गया कि एक व्यक्ति का उनके घर आना-जाना था। पिछले वर्ष अक्तूबर माह में बेटी स्कूल जा रही थी। तभी उनके घर आने वाला आरोपी बेटी को बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर एक मकान पर ले गया, जहां उसका एक अन्य साथी भी आ गया।
आरोप है कि बेटी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी बेटी को एक सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गया। बेटी ने घर आकर कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन स्कूल जाना छोड़ दिया और चुपचाप टीसी भी कटवा ली।
वहीं, अब परिजनों ने दोबारा बेटी का स्कूल में दाखिला कराया तो वह डर गई। परिजनों को शक हुआ तो उन्होंने बेटी से स्कूल न जाने की वजह पूछी। तब, पीड़िता ने उसके साथ हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दी। महिला का आरोप है कि कोतवाली देवबंद में तहरीर दी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।