सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में पैंठ बाजार में बाइक पर तीन बदमाशों ने परचून व्यापारी तमंचे की नोक पर 70 हजार रुपये लूट लिए। वारदात रविवार रात 9 बजे हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रात में सुनील कुमार पुत्र ब्रजभूषण अपनी परचून की दुकान बंद कर घर जा रहा था। दुकान के सामने एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने सुनील को रोक लिया और नगदी से भरे थैले को छीनने की कोशिश की। व्यापारी के विरोध करने पर उसे तमंचे की बट मारकर थेला लूट लिया।
व्यापारी ने थैले में 70 हजार रुपये बताए हैं। वारदात की जानकारी होते ही काफी व्यापारी मौके पर जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इनमें व्यापारी कुलदीप गोयल, आबिद हसन, अशोक गोयल, अनील जैन, खलील अहमद, विवेकान्त सिंह, मदन बठला, अमित उर्फ़ छोटू आदि रहे।
उधर गांव घाटेडा में बदमाश की आहट से ग्रामीणों ने फायरिंग की। गांव दुहारकी में भी बदमाशों को लेकर ग्रामीणों ने की फायरिंग, पुलिस खाना पूर्ति कर चली गई, ग्रामीणों में पुलिस कार्य शैली को लेकर रोष।