सहारनपुर थाना नगर कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चंडीगढ़, देहरादून एवं सहारनपुर नगर कोतवाली से चोरी की गईं चार बाइके बरामद की हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई बाइक की पुलिस तलाश कर रही थी। बुधवार की रात को ही चोरी की बाइक के साथ दो युवक नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
सहायक पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रथम सुनीति ने नगर कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता में बताया कि पकड़े गए दोनों युवक अंतर्राज्यीय बाइक चोर हैं और इनके कब्जे में दो छुरी समेत चंडीगढ़, देहरादून एवं सहारनपुर के बेेरीबाग से चोर की गई चार बाइकें बरामद की गई हैं।
इनके विरुद्ध हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला रायपुर निवासी मकबूल उर्फ भूरा तथा सोनू उर्फ शाहनवाज बताया।
उन्होंने बताया कि बरामद की गई बाइकें उन्होंने पोंटा साहिब, चंडीगढ़, देहरादून एवं सहारनपुर से एक-एक बाइक चोरी की है। वे बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदलकर गांवों में सस्ते दामों में बेचते थे।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मकबूल पर सहारनपुर एवं यमुनानगर में 16 मामले दर्ज हैं, जबकि शाहनवाज उर्फ सोनू पर सहारनपुर एवं हरियाणा में 7 मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बताया कि बाइक चोरी करने के बाद वे हरियाणा से फर्जी कागज बनवाते हैं और बाइकों की नंबर प्लेट बदल कर उन्हें गांवों में कम जानकार लोगों को सस्ते दामों में बेच देते हैं।