थाना सदर पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो बाइक मिस्त्री की दुकान चलाने की आड़ में चुराकर लाए गए वाहनों को पलभर में काटकर बेच डालते थे।
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से एक दर्जन बाइकें भी बरामद की हैं। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि पेपर मिल चौकी इंचार्ज संजीव कुमार यादव ने एक सूचना पर टीम के साथ मिलकर विश्वकर्मा चौक पर चेकिंग अभियान में चोरी की बाइक सहित योगेंद्र निवासी जुड्डी थाना नकुुड़, योगेश निवासी बांदूखेड़ी थाना नकुड़ को गिरफ्तार किया।
बरामद बाइक दो दिन पूर्व ही पेपर मिल रोड से ही चुराई गयी है। पूछताछ में पकड़े गए दोनों वाहन चोरों ने अपने तीसरे साथी नकुड़ के ही मोहल्ला जोगियान निवासी सलमान उर्फ काला उर्फ डोम्मी को भी गिरोह में शामिल बताया।
आरोपियों का खुलासा सुनकर चौंक गई पुलिस ः आरोपियों ने खुलासा किया कि तीनों की बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। इसकी आड़ में तीनों वाहन चोरी करते हैं और चुराए गए वाहनों को अपनी दुकान पर लाकर काटकर और दूसरी बाइकों में पार्ट्स को फिटकर उन्हें बेच डालते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि दबिश देकर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सदर पुलिस के मुताबिक तीनों की निशानदेही पर पुलिस को चोरी की गई कुल 12 बाइकें बरामद की। इस गैंग ने उत्तराखंड और हरियाणा के शहरों में भी वाहनों की चोरी की है।