सहारनपुर की जातीय हिंसा की तपिश कम करने के लिए इंटरनेट सेवा बंद के बावजूद धार्मिक और जातीय भावनाएं आहत करने वाली वीडियो, पोस्ट सहित अन्य सामग्री लगातार वायरल हो रहे हैं।
इसी बीच भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह डीएम-एसएसपी की छाती पर पैर रखकर गिरफ्तारी देने का दावा कर रहा है।
वह केवल इसलिए रुका है क्योंकि उसके साथियों को जमानत नहीं मिली है। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए लगातार भड़काऊ मैसेज वायरल किए जा रहे हैं।
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के लिए भले ही प्रशासन और पुलिस के अफसर तमाम दावे कर रहे हैं, मगर वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए पूरे सिस्टम केे चुनौती दे रहा है।
30 मई की देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है कि जिसमें वह एक सभा को संबोधित करता हुआ नजर आ रहा है। उसका कहना है कि वह दर्शन करने आया था और अगले दिन फिर जाऊंगा।
कौम के गद्दारों का इलाज दुश्मनों की तरह करूंगा। मेरे ऊपर 27 मुकदमे लगाए हैं चाहे तो 2700 लगा दो। जेल में बंद लोगों की जमानत के बाद डीएम-एसएसपी की छाती पर पैर रखकर गिरफ्तारी दूंगा।
बवाल के मुख्य आरोपी चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार खाक छान रही है। पुलिस की टीमें हरिद्वार, दिल्ली और पंजाब में जगह-जगह उसकी तलाश में जुटी हैं। हालांकि लगातार उसके वायरल हो रहे वीडियो से भी पुलिस की उसकी लोकेशन तलाशने में जुटी है। पुलिस टीमें उसके आसपास ही है।