लुधियाना से कार द्वारा नानौता के रास्ते दिल्ली जा रहे तेहरान के परिवार की कार से साइकिल सवार के घायल होने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। विदेशी परिवार ने लोगों पर मारपीट एवं महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाया। पुलिस के अधिकारी विदेशियों से मामले की जानकारी ले रहे हैं।
ईरान की राजधानी तेहरान निवासी गुलाम अली अपनी पत्नी फरी, बेटियां जीवा, शाहीन, शीबा के साथ अपने 13 साल के बेटे का गंगाराम अस्पताल में उपचार कराने के लिए आए थे। गुलाम अली के अनुसार चिकित्सकों ने उन्हें 9 नवंबर का समय दिया है। जिस कारण वह अपने एक रिश्तेदार के यहां दिल्ली में ठहर गए। उनकी बड़ी बेटी जीवा की शादी है, इसलिए वह 9 नवंबर तक शादी के लिए खरीददारी करने के इरादे से कार द्वारा बुधवार को लुधियाना गए।
शाम को वह वापस दिल्ली जाते समय रास्ता भटक गए और सहारनपुर की ओर आ गए। यहां से नानौता होते हुए दिल्ली जा रहे थे। शाम लगभग साढ़े 6 बजे जब वे नानौता के पास से होकर गुजरे तो कार से ग्राम देवपुरा निवासी सुभाष की साइकिल टकरा गई। बताया जाता है कि कार की टक्कर से सुभाष घायल हो गया। घटना के बाद विदेशी परिवार नानौता से आगे बढ़ गया और थोड़ी दूर पर ही एक होटल पर खाने का सामान लेने के लिए रुक गया।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के अनेक लोग इकट्ठे होकर होटल पर पहुंच गए और उनके साथ मारपीट की। गुलाम अली ने लोगों पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विदेशी परिवार को अपनी सुरक्षा में थाने ले आई। इस बारे में गुलाम अली का कहना है कि उनकी कार से साइकिल की टक्कर नहीं हुई बल्कि साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी कार पेड़ से टकरा गई थी। जिससे उनकी कार को नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी मनोज तिवारी एवं एएसपी सुनीति नानौता थाने पहुंचे और उन्होंने विदेशियों से मामले की जानकारी ली है।
एसएसपी मनोज तिवारी ने बताया कि कार की टक्कर से साइकिल सवार घायल हुआ है। घायल के परिवार के सदस्य की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। विदेशियों को दूसरी कार से भेज दिया गया है।