सहारनपुर में बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार सुबह शेखपुरा-टपरी मार्ग पर कार सवार सराफ से डेढ़ लाख रुपये की नकदी और इतनी ही कीमत के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाशों ने सराफ के पैर में गोली मार दी और फरार हो गए।
घायल सराफ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसपी सिटी, थाना कोतवाली देहात पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंच कर गई और बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका है।
लूटपाट का शिकार हुआ सराफ प्रवीण कुमार झबरेड़ा जिला हरिद्वार उत्तराखंड का रहने वाला है। वह सोमवार को सोने-चांदी के आभूषण सप्लाई करने के लिए वह कार से सहारनपुर आ रहे थे। पूर्वान्ह् करीब पौने बारह बजे शेखपुरा-टपरी मार्ग पर हिंडन नदी पुल के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली।
एक बदमाश ने बाइक से उतरते ही तमंचे से कार के फ्रंट शीशे पर फायर कर सराफ को आतंकित किया। गोली शीशे में पार होने के बाद बराबर वाली सीट पर जा धंसी। बदमाशों ने सुनार को धमकी देते हुए कहा कि नगदी और जेवरात से भरा बैग चुपचाप उन्हें दे दो, नहीं तो गोली मार देंगे।
सुनार ने उन्हें बैग तो पकड़ा दिया लेकिन इसके बाद भी बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस का मानना है बदमाश झबरेडा से ही सराफ का पीछा कर रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई है। सुनार ने बताया कि बैग में डेढ़ लाख की नगदी के अलावा लगभग डेढ़ लाख कीमत के ही जेवरात थे।