स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लखनु के प्रधानाचार्य रमेश शर्मा की प्रार्थना सभा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उनकी अचानक मौत से स्कूल का माहौल शोक में डूब गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान जब प्रधानाचार्य रमेश शर्मा बच्चों को नववर्ष पर संबोधित कर रहे थे। तो अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। स्कूल स्टाफ ने उन्हें पंपिंग की, लेकिन कुछ देर बाद फिर से जोर का दर्द शुरू हो गया। रमेश शर्मा उसी समय अचेत हो गए।
लखनु स्कूल में तैनात विज्ञान विषय के अध्यापक सुरेंद्र धीमान ने बताया कि उन्हें उपचार के लिए आनंदपुर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रमेश शर्मा 56 वर्ष के थे। रमेश शर्मा गांव ठठ्ल मोरसिंगी तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के निवासी थे। रमेश शर्मा की पत्नी भी दाबला स्कूल में बतौर शास्त्री सेवाएं दे रही हैं। इनकी तीन बेटियां व एक बेटा है। कोट थाना पुलिस के थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी बिलासपुर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।