स्कूल के सामने किया छात्रा का अपहरण
सहारनपुर। वैन में बैठकर अपने भाई बहन के साथ स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा का स्कूल के सामने वैन से उतरते ही पांच युवकों ने अपहरण कर लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर फरार हो गए। वैन चालक और स्कूल के अध्यापकों ने पीछा किया। दो युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। उन्हें पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन देकर छात्रा को बरामद करने की मांग की गई।
क्षेत्र के एक गांव के प्रधान पति के मुताबिक सोमवार सुबह उसका एक बेटा और दो बेटियां वैन से बड़ौली फाटक पर स्थित स्कूल में गए थे। सुबह साढ़े आठ बजे स्कूल वैन स्कूल के सामने पहुंची। जैसे से ही वे वैन से उतरने लगे तो उसकी 14 वर्षीय बेटी को पांच युवकों ने पकड़ लिया। आरोप है कि वे उसे जबरन बाइक पर बैठाकर भागने लगे। छात्रा को लेकर दो बाइकों पर भाग रहे युवकों को देख वहां मौजूद वैन चालक और शिक्षक उनका पीछा करने लगे। दो युवकों को मौके से ही दबोच लिया। लेकिन तीन युवक छात्रा को लेकर फरार हो गए।
प्रधान पति ने आरोप लगाया कि लोगों ने गांव उमाही के दो युवकों शारिक और आरिफ को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को थाना में ले जाकर बैठा लिया। लेकिन उसकी बेटी की तलाश नहीं की। उसकी बेटी की पुलिस तलाश करती तो उसी समय बेटी मिल जाती। पकड़े गए युवक ही अन्य आरोपियों का पता बता देते। लेकिन पुलिस ने जानबूझकर उसकी बेटी को तलाश करने का प्रयास नहीं किया। पकड़े गए दोनों युवकों की पुलिसकर्मी थाना में खातिरदारी कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक आरोपी सिर्फ बात करने के लिए अपना मोबाइल खोलता है। पुलिस उसके नंबर को भी ट्रेस करती तो भी अब तक उसकी बेटी बरामद हो जाती। उसे अपनी बेटी के साथ अनहोनी होने की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में उसने पुलिस उप महानिरीक्षक को ज्ञापन देकर उसकी बेटी को शीघ्र बरामद कराए जाने की मांग की है। पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान ने इस मामले में नागल थाना प्रभारी को शीघ्र ही अपहर्ता को बरामद करने के आदेश दिए हैं।