राजस्व टीम पर हमला, लेखपाल घायल
अंबेहटा (सहारनपुर)। मोहल्ला गुहा में जमीन की पैमाइश कराने गई राजस्व टीम पर महिलाओं ने पुलिस के सामने ही हमला बोल दिया। हमले में हल्का लेखपाल घायल हो गए। पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घायल लेखपाल को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला गुहा में एक ही परिवार के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जैसे ही पैमाइश की प्रक्रिया शुरू की तो एक पक्ष की महिलाओं ने टीम हमला बोल दिया। इस कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। हमले के बाद दूसरे पक्ष के लोग भी लाठी डंडे लेकर सामने आ गए। पुलिस ने भीड़ को मौके से खदेड़ा। हमले में हल्का लेखपाल रामनारायण के सिर में चोट आई। हमले के बाद पैमाइश की कार्रवाई को बीच में ही बंद कर दिया गया। पुलिस ने हमलावर पक्ष की ओर से एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। चौकी प्रभारी सुदेश कुमार का कहना है कि लेखपाल को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।