गंगोह (सहारनपुर)। चार बदमाशों ने हथियारों से आतंकित कर घर से जिम जा रहे एक युवक से बाइक एवं नकदी लूट ली। विरोध करने पर चाकू और तमंचों की बटो से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी इशहाक पुत्र यासीन ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे उसका भाई नौशाद घर से जिम जाने के लिए निकला था। तीतरों मार्ग पर जगन्नाथ धर्म कांटे के समीप चार बदमाशों ने हथियारों से आतंकित कर उसे जबरन रोक लिया। बदमाशों ने उसकी जेब में रखी 2200 की नकदी और बाइक लूट ली। जब बदमाश भागने लगे तो नौशाद शोर मचाते हुए बदमाशों से भिड़ गया। बदमाशों ने चाकू और तमंचों की बटों से हमला कर उसे घायल कर बदमाश फरार हो गए। सूचना पाकर वहां पहुंचे परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। वह मामले की जांच करा रहे हैं।