हत्याओं का खुलासा करने से बच रही पुलिस
सहारनपुर। जिले में एक के बाद एक कई हत्याएं हो चुकीं हैं। इनमें से कुछ ऐसी घटनाएं हैं जिनका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। ऐसी घटनाओं की जांच करने की बजाय पुलिस ने हंगामे एवं आरोपों से बचने के लिए नया फंडा निकाल लिया। पुलिस घटनाओं में मृतकों के नजदीकियों पर ही आशंका जाहिर करके पीड़ित परिवारों पर दबाव बना रही है ताकि वे जांच और खुलासे के लिए ज्यादा शोरशराबा न करें। शहर में तीन हत्याओं की गुत्थी अब तक इसी चक्कर में उलझी है। पीड़ित पक्ष पुलिस के इस रवैये पर आपत्ति भी उठा चुके हैं।
देहात कोतवाली में ब्यूटी पार्लर संचालिका राधिका की हत्या में पुलिस अब तक कोई खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस सिर्फ इतना ही कह रही है कि राधिका का बहुत नजदीकी ही इस हत्याकांड में शामिल है। परिजन जो जोरशोर से हत्याकांड के खुलासे की मांग कर रहे थे। लेकिन पुलिस का संदेह देख घबरा गए और खुलासे की मांग छोड़कर चुप बैठ गए।
दूसरी घटना मंडी कोतवाली क्षेत्र की श्याम कालोनी में सिरकटी लाश के रूप में मिले ब्रजेश उर्फ बंसी की है। बंसी के परिजनों ने डीआईजी से पुलिस की शिकायत की कि पुलिस ब्रजेश के भाई सोनू को ही हत्याकांड में फंसाना चाहती है। पुलिस सोनू पर हत्या की आशंका जता रही है।
एक अन्य घटना देहात कोतवाली के शालीमार गार्डन निवासी तौलिया कारोबारी बुजुर्ग जगदीश चंद्र मित्तल हत्याकांड की है। जगदीश मित्तल की लकड़ी के फट्टे से हत्या की गई थी। इस घटना में भी पुलिस ने नजदीकी पर ही हत्या करने का संदेह जताते हुए परिजनों पर दबाव बना दिया।
-----------
हर केस की सही जांच होगी : एसपी सिटी
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि जिन घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ है, उनमें पुलिस को उनके बहुत करीबियों का हाथ होने की आशंका है। परिजन भी इसी के चलते अब शांत हैं। लेकिन पुलिस जांच कर रही है। शीघ्र ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। पीड़ित परिवारों पर किसी तरह का दबाव बनाने के लिए नजदीकियों को नहीं फंसाया जा रहा है और न ही ऐसा होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सही ढंग से जांच पूरी होने पर ही कोई कार्रवाई होगी।