सरसावा (सहारनपुर)। पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे तीन युवकों के गिरफ्तार कर मंदिर तथा एक दुकान में हुयी चोरी का खुलासा कर दिया। चोरों के पास सामान के अलावा चोरी की बाइक तथा तथा एक्टिवा भी बरामद हुयी।
बृहस्पतिवार को थाना सरसावा में पत्रकारों से वार्ता करते हुये थानाध्यक्ष ने बताया कि कुछ दिनो पहले नकुड़ रोड स्थित बनखंडी मंदिर से दान पात्र तथा अन्य सामान चोरी हो गया था वहीं मंगलवार रात्री बाजार में स्थित किराने की एक दुकान में चोरी हो गयी थी। जिसके बाद पुलिस चोरो की लगातार तलाश कर रही थी। बुधवार रात्री नकुड़ रोड पर पुलिस ने गश्त के दौरान तीन युवकों को संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा तो युवकों से पूछताछ की लेकिन युवक पुलिस को गुमराह करने लगे। जिस पर तीनों को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गयी तो पुलिस की बांछें खिल गयी। तीनों युवक चोर निकले जिन्होंने एक सप्ताह पूर्व नकुड़ रोड़ स्थित बनखंडी मंदिर से दानपात्र चोरी करने तथा बाजार में स्थित गौरव चावला की किराने की दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। चोरो की निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर का दानपात्र, दुकान से चोरी हुयी चार हजार रुपये की नगदी, 6 हजार रुपये की रेजगारी, बीड़ी के पैकेट तथा चोरी की बाइक एवं एक्टिवा स्कूटी बरामद की ली। एसओ ने बताया कि पकड़े गये चोरो दानिश पुत्र अनीस निवासी पूर्वी अफगानान, प्रशांत पुत्र संजय निवासी द्वारिकापुरी तथा विपिन पुत्र प्रमोद निवासी पूर्वी बाजार तीनो सरसावा को जेल भेज दिया गया है।