एपको कंपनी के प्लांट से तेल चोरी करते चोर को दबोचा
देवबंद (सहारनपुर)। फ्लाईओवर व फोरलेन का निर्माण कर रही एपको कंपनी के प्लांट से तेल चोरी कर रहे एक चोर को सिक्योरिटी गार्ड ने दबोच लिया। जबकि उसके साथी मौका पाकर फरार हो गए। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एपको कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड नन्हेड़ा आसा निवासी गुलाब सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शनिवार की रात जड़ौदा जट्ट गांव निवासी दो युवक कंपनी के प्लांट से तेल चोरी कर रहे थे। जब उसने उन्हें रोका तो उक्त युवकों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गुलाब सिंह के मुताबिक आरोपी शनिवार रात करीब 12 बजे दोबारा वापस आए तो उसने उनमें से एक व्यक्ति को दबोच लिया। जबकि उसके साथी फरार हो गए। इस दौरान वह अपनी बाइक भी छोड़ गए। बाद में सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।