गागलहेड़ी (सहारनपुर)। गांव दिनारपुर की शांतिकुंज कालोनी में शुक्रवार रात एक मकान से चोरों ने दंपति को कमरे में बंद कर अलमारी से सोने चांदी के करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। हालांकि जल्दबाजी में चोरों में से एक का मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया। चोरी का पता लगने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में ले लिया। एसओ का कहना है कि जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
शुक्रवार की रात दिनारपुर के शांतिकुंज कालोनी में रह रहे सुरेंद्र पुत्र पुन्ना कमरे में सो रहा था। सुबह करीब चार बजे वह लघु शंका के लिए उठा तो उसे अपने कमरे के बाहर की कुंडी लगी मिली। इस पर उसने कमरे की जाली तोड़ी और खिड़की के रास्ते से बाहर निकला। वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। दूसरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे थे। पीड़ित के अनुसार लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के चांदी सोने के जेवरों पर चोर हाथ साफ कर गए। इसके बाद पीड़ित ने डायल 100 पर चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच पड़ताल की तो वहां से एक मोबाइल बरामद हुआ। गृह स्वामी ने बताया कि यह मोबाइल उनका नहीं है। ऐसे में मोबाइल चोरों में से किसी का गिर गया होगा।
पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया की तहरीर आ चुकी है। बरामद मोबाइल से चोरों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर माल बरामद कर लिया जाएगा।