नानौता (सहारनपुर)। एक विधवा महिला ने गांव के ही चार लोगों पर घर में घुस कर अश्लील हरकतें व जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव तिलफरा ऐनाबाद निवासी एक विधवा महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी शिकायत में कहा कि गांव के चार लोग अक्सर आते-जाते समय उसके साथ अश्लील हरकतों की सारी हदें पार कर जाते है। पीड़ित महिला का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले उक्त चारों आरोपी शाम के समय उसके घर पहुंचे और अश्लील हरकतें करने लगे। शोर मचाने पर उसकी दोनों पत्रवधु वहां पहुंची और उनका विरोध किया। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों को देखकर उक्त चारों मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि इस संबंध में थाना पुलिस को अवगत कराया गया। लेकिन आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण होने के चलते उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। पीड़िता ने मुख्यमंत्री से आरोपियों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। उधर प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। भले ही आरोपी कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों।