सहारनपुर। ग्राम मीरपुर गंदेवड़ के प्रधान विश्वास कुमार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने एक फर्म बनाकर बिना उसकी सहमति से साझीदार बना लिया और उसके फर्जी हस्ताक्षर कर पीएनबी में चालू खाता खुलवा लिया। उसके बाद बैंक से भारी मात्रा में रुपयों का लेनदेन किया गया है।
विश्वास कुमार ने आरोप लगाया है कि साउथ सिटी निवासी एक व्यक्ति ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एक फर्म बनाई और उसका चालू खाता पंजाब नेशनल बैंक में खुलवाया। जिसमें उसके फर्जी हस्ताक्षर कर उसे साझीदार दिखा दिया। जबकि उसने फर्म में साझीदार के लिए हस्ताक्षर नहीं किए हैं। न ही खाता खुलवाने के लिए उसकी सहमति ली गई। यह धोखाधड़ी और जालसाजी से किया गया। दो आरोपियों ने इस चालू खाते का इस्तेमाल कर काफी रुपया एक पूर्व एमएलसी की कंपनियों एवं फर्मों में हस्तांतरित किया। यही नहीं नोटबंदी के दौरान भी काफी पैसा जमा किया गया तथा नगद धनराशि भी जमा की गई एवं निकाली गई। इसमें कुछ बैंक कर्मियों एवं अधिकारियों की भी मिलीभगत है। इसकी जानकारी उसने बैंक अधिकारियों को भी दे दी है। विश्वास ने इस मामले में एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।