सहारनपुर। फैक्टरी से लोहे की चादरें चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गाजियाबाद से फैक्टरी के माल की सप्लाई लेकर पहुंचे ट्रक चालक ने ही अपने साथी के साथ मिलकर लोहे की 50 चादरें चोरी की थीं। पुलिस ने चोरी की गईं लोहे की चादरें एवं ट्रक को कब्जे में लिया है।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के देहरादून रोड स्थित सड़क दूधली स्थित चोपड़ा इंटरनेशनल फैक्टरी से दो दिन पूर्व लोहे की 50 चादरें चोरी हो गईं थीं। फैक्टरी संचालक सदर कोतवाली के मिशन कंपाउंड निवासी गौरव चोपड़ा ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट जनकपुरी थाना में दर्ज कराई थी। गौरव ने आरोप लगाया था कि देहात कोतवाली के गांव नाजिरपुरा निवासी संदीप कुमार अपने साथी सर्वेश के साथ गाजियाबाद से रविवार को उनकी फैक्टरी का सामान लेकर पहुंचा था। माल उतरवाया जा रहा था। इस दौरान जब गार्ड किसी काम से फैक्टरी के अंदर आ गया तो संदीप और उसका साथी सर्वेश गाड़ी लेकर वहां से चले गए। जब उसने लोहे की चादरें गिनी तो पचास कम निकलीं। आरोप है कि दोनों आरोपी चादरें गाड़ी में लादकर फरार हो गए।
जनकपुरी थाना प्रभारी मुकेश कुमार गौतम ने बताया कि दोनों आरोपियों को गाड़ी और फैक्टरी से चुराई गई लोहे की चादरों सहित पकड़ लिया गया है। दोनों के खिलाफ फैक्टरी मालिक ने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। पकड़े आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।