सहारनपुर। गेहूं व्यापारी के यहां डकैती डालने के आरोप में गिरफ्तार किए गए जीआरपी आगरा के इंस्पेक्टर ललित कुमार त्यागी का ठिकाना अब जेल का एकल बैरक है। उसको देवबंद स्थित उपकारागार में रखा गया है। एकल बैरक में रहने वाले चार नंबरदारों के साथ उसे रखा गया है।
सहारनपुर जनपद के नागल थाना क्षेत्र में उमाही गांव के पास मुल्लाजी ढाबे के पीछे रह रहे गेहूं व्यापारी मो. अख्तर के यहां 13 मई की तड़के कुछ लोगों ने डकैती डाली थी, जिसमें वर्दीधारी भी शामिल थे। गेहूं व्यापारी को पिटाई करने के बाद 8,43,500 रुपये लूट लिए गए थे। पुलिस ने वारदात का खुलासा कर आरोपी ललित कुमार त्यागी (इंस्पेक्टर जीआरपी आगरा) के अलावा बशीर खान और सुभाष शर्मा निवासी आगरा को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों के पास से 4,94,500 रुपये की नकदी भी बरामद कर ली गई थी, जबकि वारदात में शामिल सिपाही रिंकू और शायर बेग के अलावा टैक्सी चालक फरार हो गए थे। मंगलवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद देवबंद स्थित उपकारागार में दाखिल करा दिया।
वहां जेल प्रशासन ने इंस्पेक्टर ललित कुमार त्यागी को एकल बैरक में रखा है, जहां चार नंबरदार भी रहते हैं, जबकि बशीर खान और सुभाष शर्मा को सामान्य बैरक में रखा गया है। सूत्रों की मानें, तो जेल की बैरक में पहुंचने पर इंस्पेक्टर ललित कुमार त्यागी देर रात तक सो नहीं सका। वहीं, बुधवार को उससे मुलाकात करने के लिए परिवार के लोग देवबंद स्थित उपकारागार पहुंचे।
जेलर एमपी सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर ललित कुमार त्यागी को सामान्य बंदियों की बैरक से अलग एकल बैरक में रखा गया है, लेकिन सामान्य बंदियों की तरह ही खाना आदि दिया गया। बाहर से खाने पीने का कोई सामान नहीं दिया जाएगा।