खराब रिकार्ड वाले पुलिसकर्मी चिह्नित होंगे
सहारनपुर। बेहद खराब रिकार्ड वाले पुलिसकर्मियों को अब अलग से चिह्नित किया जाएगा। अभद्र व्यवहार, शराब के नशे में ड्यूटी और अवैध वसूली करने के आरोप में कार्रवाई का पात्र बने पुलिस कर्मियों को जनता से जुड़े पदों पर तैनाती नहीं मिलेगी। एसएसपी ने ऐसे पुलिस कर्मियों का अलग से रिकार्ड रखने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों से पूछा था कि अवैध वसूली और शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में जिन पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हुई, वे पुलिस लाइन में ही तैनात होंगे। जानकारी करने पर पता चला कि निलंबन के बाद बहाल होने पर उन्हें दूसरे थानों में तैनाती दे दी गई है। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों से ऐसे पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी ली तो वह कुछ नहीं बता पाए। एसएसपी ने निर्देश दिए कि अच्छे और बुरे पुलिस कर्मियों की पहचान होनी चाहिए। खासतौर से शिकायतों पर हटने वाले पुलिस कर्मियों से जनता से सीधे जुड़े पदों पर तैनाती ना दी जाए, ताकि वह जनमानस में पुलिस छवि बदरंग करने का कारण न बन सके। ऐसे पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन में रिकार्ड रहना चाहिए ताकि अच्छे पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित किया जा सके।