छात्रा को अगवा करने का प्रयास
बेहट। शारीरिक शिक्षा की परीक्षा देकर लौट रही बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा को बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ करते हुए बाइक पर खींच लिया। छात्रा का शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, तो युवक भाग खड़े हुए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा बृहस्पतिवार की शाम शारीरिक शिक्षा की परीक्षा देकर अपने गांव लौट रही थी। साढ़ौली कदीम से पैदल गांव जाते समय रजबहे की पुलिया पर पीछे से बाइकों पर आए पांच युवकों ने उसके पीछे चलते हुए छेड़छाड़ की और बाइक पर खींच लिया। छात्रा का शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग छात्रा को बचाने के लिए उनकी तरफ दौड़े, तो युवक भाग खड़े हुए। इसके बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने जयदीप पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव रसूलपुर कोतवाली बेहट, सिवेंद्र पुत्र कुशलपाल, राहुल पुत्र शेरपाल, शिवम पुत्र भूरा, आदेश पुत्र मित्रपाल निवासी गांव ढकदेई थाना नकुड़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।