देवबंद (सहारनपुर)। होटल के कमरे में प्रधान के साथ महिला को उसके पति ने पकड़ लिया। इस बीच प्रधान मौका पाकर फरार हो गया। बाद में सूचना मिलने पर होटल पहुंची पुलिस महिला को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। इस मामले में महिला के पति ने पुलिस को तहरीर भी दी है।
सोमवार को मजनूवाला मार्ग स्थित एक होटल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया। जब होटल के एक कमरे में पत्नी को पति ने ग्राम प्रधान के साथ पकड़ लिया। उसने वहां हंगामा करते हुए पुलिस को बुला लिया। पुलिस महिला को कोतवाली ले आई, जबकि उसके साथ कमरे में मौजूद प्रधान वहां से फरार हो गया। इस मामले में उक्त व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि करीब 14 माह पूर्व उसकी शादी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से हुई थी। शादी के एक माह बाद ही ससुरालवाले पत्नी को अपने साथ ले गए। कई बार उसने पत्नी को लाने के प्रयास किए, लेकिन उसे नहीं भेजा। सोमवार को उसे पता चला कि पत्नी मजनूवाला मार्ग स्थित एक होटल में किसी व्यक्ति के साथ मौजूद है। वह वहां पहुंचा तो पत्नी एक ग्राम प्रधान के साथ मिली। वहीं, महिला ने भी पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उसने कहा कि उसके और पति के बीच विवाद चल रहा उसी को लेकर वह ग्राम प्रधान के साथ वहां बातचीत करने के लिए पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।